सरकारी दफ्तरों में लंबी कतारों और बार-बार आरटीओ (RTO) के चक्कर लगाने की परेशानी अब काफी हद तक खत्म होने जा रही है। परिवहन विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) से जुड़ी 56 नई सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। इसके साथ ही विभाग की पहले से उपलब्ध 49 ऑनलाइन सेवाओं को मिलाकर अब कुल 105 सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो गई हैं। इससे आरटीओ की करीब 95 प्रतिशत जन-केंद्रित सेवाएं फेसलेस और कॉन्टैक्टलेस हो गई हैं।
नई व्यवस्था के तहत अब नाम और पता बदलवाने, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस या आरसी बनवाने, एनओसी (NOC) समेत कई अन्य कार्यों के लिए आरटीओ कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जरूरी दस्तावेज अपलोड करेंगे और अधिकांश प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी कर सकेंगे। केवल वाहन के भौतिक सत्यापन, फिटनेस परीक्षण, ड्राइविंग टेस्ट और बायोमेट्रिक प्रक्रिया जैसी सेवाओं के लिए ही आरटीओ कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
![]() |
| Advertisement |
परिवहन विभाग का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। साथ ही सेवाएं पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होंगी। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदक अपने आवेदन की स्थिति भी घर बैठे देख सकेंगे। दस्तावेजों के सत्यापन और अनुमोदन की प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी होगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और अनधिकृत हस्तक्षेप की संभावनाएं भी घटेंगी।
![]() |
| Advertisement |
![]() |
| Advertisement |



