लखनऊ में राइड बुक करने के बहाने एक रैपिडो ऑटो चालक के साथ साइबर ठगी और लूट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वजीरगंज थाना क्षेत्र में बदमाश ने चालक को बंधक बनाकर उसके मोबाइल से 19 हजार रुपये का डिजिटल लोन पास कराया और एटीएम से पूरी रकम निकलवा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित अर्जुन कुमार वृंदावन कॉलोनी के रहने वाले हैं और ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 5 जुलाई की रात करीब 8:29 बजे उन्हें ऐप के जरिए प्रोफेसर कॉलोनी से कैसरबाग तक की राइड मिली। ऑटो में बैठते ही यात्री ने पेमेंट का बहाना बनाकर क्यूआर कोड मांगा। कोड साफ न दिखने की बात कहकर उसने चालक का मोबाइल अपने पास रख लिया और उसे पानी लाने के बहाने भेज दिया।
![]() |
| Advertisement |
कुछ देर बाद अर्जुन के मोबाइल पर पहले 18,500 रुपये और फिर 500 रुपये, कुल 19 हजार रुपये का डिजिटल लोन स्वीकृत होने का संदेश आया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धमकाया और कैसरबाग स्थित सहज जन सेवा केंद्र ले जाकर पैसे निकलवाने का दबाव बनाया। वहां नकदी नहीं मिलने पर आरोपी ने चालक से 300 रुपये छीन लिए और उसके मोबाइल नंबर पर 200 रुपये का रिचार्ज भी करा लिया।
![]() |
| Advertisement |
इसके बाद आरोपी चालक को शहर के कई एटीएम पर ले गया। कई जगह कोशिश नाकाम होने के बाद आखिरकार आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से पहले 10 हजार, फिर 8 हजार और अंत में 500 रुपये निकाल लिए। पूरी रकम हाथ में आते ही आरोपी ऑटो से उतरकर फरार हो गया।
![]() |
| Advertisement |
बाद में बैंक पहुंचने पर अर्जुन को पता चला कि उनके नाम पर 19 हजार रुपये का डिजिटल लोन लिया गया था और वही रकम आरोपी ने निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर वजीरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।



