वाराणसी में भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 22, 23 और 25 अक्टूबर को गंगा के ऊपर तीन दिवसीय भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस एयर शो का अंतिम दिन खास होगा, क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा के ऊपर आयोजित होगा, जहां भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे।
एयर शो की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में एयरफोर्स प्रयागराज, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आयोजन की रूपरेखा तय की गई। अधिकारियों के अनुसार, शो में 100 से अधिक एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। इनमें आधुनिक और ऐतिहासिक लड़ाकू विमान तथा हेलीकॉप्टर शामिल रहेंगे। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच करीब डेढ़ घंटे तक एयर शो चलेगा और एक समय में तीन से पांच विमान आसमान में करतब दिखाएंगे।
![]() |
| Advertisement |
इन विमानों का संचालन लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज के अलावा वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, बिहार और झारखंड के विभिन्न एयरबेस से किया जाएगा। नमो घाट इस आयोजन का मुख्य केंद्र होगा, जहां से पूरे कार्यक्रम का प्रसारण और एयर ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी।एयरफोर्स अधिकारियों के मुताबिक 16 अक्टूबर से नमो घाट आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और इसे एयरफोर्स के नियंत्रण में दे दिया जाएगा। पिछले आयोजनों की तरह इस बार भी 15 से 25 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। भीड़ प्रबंधन के लिए चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर से भी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मदद ली जाएगी।
![]() |
| Advertisement |
तीनों दिन एयर शो के दौरान सुरक्षा कारणों से गंगा में नाव संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं राजघाट पुल पर दो घंटे के लिए सड़क और रेल यातायात भी रोका जाएगा, ताकि वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में कोई परेशानी न हो। घाटों पर पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी और गंगा किनारे बैरिकेडिंग भी की जाएगी।जिला प्रशासन के अनुसार, इस आयोजन में 5,000 से अधिक वीआईपी, विशेष अतिथि और पर्यटक शामिल होंगे। उनके आवागमन, सुरक्षा, ठहरने और परिवहन की तैयारियां भी तेज़ी से की जा रही हैं। यह आयोजन न केवल भारतीय वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रदर्शन करेगा, बल्कि वाराणसी के पर्यटन को भी नई पहचान देने का काम करेगा।
![]() |
| Advertisement |



