जिम्बाब्वे दौरे पर फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा, सबसे कम रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने

नई दिल्ली। भारत ने जिम्बाब्वे को तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया, लेकिन युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह दौरा बेहद निराशाजनक साबित हुआ। तीनों मुकाबलों में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी सीरीज में सिर्फ 11 रन ही बना पाए। उन्होंने पहले मैच में 1, दूसरे में 8 और तीसरे मुकाबले में 2 रन बनाए। खास बात यह रही कि तीनों पारियों में उन्हें जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने आउट किया।

इस खराब प्रदर्शन के साथ अभिषेक शर्मा ने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया। वह कम से कम तीन पारियों वाली किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सबसे कम रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रेयस अय्यर के नाम था, जिन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 14 रन बनाए थे। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए सिर्फ 11 रन बनाए।यही नहीं, अभिषेक तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सबसे कम रन बनाने वाले भारतीय ओपनर भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 19 रन बनाए थे। इस सूची में ईशान किशन भी शामिल हैं, जिन्होंने 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बतौर ओपनर 24 रन बनाए थे।

Advertisement

टी20 विश्व कप 2026 के बाद से अभिषेक शर्मा की फॉर्म लगातार सवालों के घेरे में है। उन्होंने पिछले 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। वहीं, अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार वह लगातार चार पारियों में 10 रन का आंकड़ा पार करने में नाकाम रहे हैं। इससे पहले भी वह कई बार लगातार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं, लेकिन मौजूदा सीरीज उनके करियर की सबसे खराब टी20 सीरीज साबित हुई।

Advertisement

हालांकि, अभिषेक के खराब प्रदर्शन का टीम इंडिया की जीत पर कोई असर नहीं पड़ा। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मुकाबले जीतकर जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। अब टीम प्रबंधन की नजर अभिषेक शर्मा की फॉर्म में वापसी पर होगी, क्योंकि आने वाले महीनों में भारत को कई अहम टी20 सीरीज खेलनी हैं।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post