सीवान छात्र आंदोलन में AK-47 से फायरिंग करने वाला पुलिसकर्मी सस्पेंड, वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई

पटना। बिहार के सीवान जिले में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी अभिषेक पटेल को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक पटेल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। अभिषेक पटेल विशेष जांच टीम (SIT) में तैनात थे।

वायरल वीडियो में अभिषेक पटेल हाथ में AK-47 लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की ओर दौड़ते और हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं और सैकड़ों छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम दमनकारी रवैया अपना रहा है।

Advertisement

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने AK-47 से फायरिंग की और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।हालांकि भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि पुलिस ने छात्रों पर AK-47 का इस्तेमाल नहीं किया और विपक्ष भ्रामक जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की थी। लेकिन बाद में वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया।

Advertisement

शनिवार को सीवान के जेपी चौक, अस्पताल मोड़ और थाना क्षेत्र में छात्र आंदोलन हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव और फायरिंग की घटनाएं हुईं। इस दौरान तीन लोग गोली लगने से घायल हुए, जबकि 40 से अधिक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव और फायरिंग के बाद आत्मरक्षा तथा सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की गई थी।घटना के बाद पुलिस ने उपद्रव और हिंसा के मामलों में कई एफआईआर दर्ज की हैं। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल से .315 बोर के तीन और .765 बोर के दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post