आजमगढ़ में ₹50 हजार का इनामी दोहरे हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

पवई थाना क्षेत्र में दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में वांछित ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त संतोष यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की तरफ से हेवती की ओर आने वाला है।

सूचना पर पुलिस ने हेवती-ओरिल मार्ग पर रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संतोष यादव ने 9/10 जुलाई की रात पारिवारिक रंजिश और पैतृक संपत्ति के विवाद में अपने दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी आजमगढ़ ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था।

Advertisement

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल और ₹600 नकद बरामद किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement


Post a Comment

Previous Post Next Post