शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान गांव स्थित वॉटर पार्क के पास जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि अतुल उपाध्याय पुत्र गिरजा शंकर उपाध्याय आदि जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे, जिसका विरोध दूसरे पक्ष के सौरभ उपाध्याय पुत्र अजीत उपाध्याय आदि ने किया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहले पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर चलाए जाने लगे, वहीं दूसरे पक्ष के सौरभ उपाध्याय पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार होने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस दौरान रविकांत उपाध्याय नामक व्यक्ति के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई, जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष पेशे से अधिवक्ता हैं।



