प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम, नगर कोतवाली पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत से तीनों के शव बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान अमित सोनी, कृष्ण कुमार सोनी और अनुराग सोनी तीनों युवक स्कूटी से नदी में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि वे खीरी वीर पुल के पास नदी में उतरकर नहाने लगे। इसी दौरान पुल के पिलरों के पास बने गहरे गड्ढों में एक के बाद एक तीनों युवक समा गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और राहत-बचाव टीम पहुंची। SDRF की टीम, नगर कोतवाली पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटे तक अभियान चलाया, जिसके बाद तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।



