मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में प्राइवेट फोटो और वीडियो सार्वजनिक किए जाने तथा शादी टूटने से आहत 19 वर्षीय युवती ने एसिड पीकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।पुलिस के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी भदोही जिले के एक युवक से तय हुई थी। अगले महीने अगस्त में उसकी शादी होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच युवती के पूर्व परिचित युवक पर आरोप है कि उसने उसके निजी फोटो और वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दिए, जिसके बाद शादी टूट गई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक गोपी उर्फ कारू, निवासी राजापुर (चोलापुर थाना क्षेत्र) पहले युवती के संपर्क में था। दोनों के बीच पहले संबंध थे, लेकिन शादी तय होने के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने युवती को परेशान करना शुरू कर दिया और उसके निजी फोटो व वीडियो भेजकर शादी तुड़वाने का दबाव बनाया।
युवती के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी लगातार फोन कर धमकी दे रहा था कि यदि शादी नहीं टूटी तो वह फोटो और वीडियो अन्य लोगों को भी भेज देगा। इसको लेकर युवती मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।रविवार शाम करीब 5 बजे युवती ने घर में रखा एसिड पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां सोमवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में युवती के भाई की तहरीर पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



