कैंट पुलिस का जुए के अड्डे पर छापा, नगदी समेत छह जुआरी गिरफ्तार

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस ने सोमवार रात अर्दली बाजार स्थित एमएम लॉन के पास संचालित एक जुए के अड्डे पर छापेमारी कर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से फड़ पर लगी 5,400 की नगदी, आरोपियों की तलाशी से 2,200 नकद तथा 52 पत्तों की एक खुली ताश की गड्डी बरामद की।

प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय के नेतृत्व में सोमवार रात करीब 8:40 बजे की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पटेल, दीपक पटेल, चंदन पटेल, पवन कुमार गौतम, राजीव कुमार पटेल और सूरज कुमार के रूप में हुई। सभी आरोपी कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर एवं आसपास के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बरामद नकदी और ताश की गड्डी को कब्जे में लेकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।

कैंट पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलवंत कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय, नागेंद्र कुमार, राजन कुमार राव और अमित तिवारी शामिल रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post