प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से स्नातक एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा, वाराणसी में लोजपा (रामविलास) की प्रबुद्ध चौपाल आयोजित

वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से शुक्रवार को कचहरी स्थित कमिश्नरेट सभागार में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी खंड के एमएलसी चुनाव को लेकर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन (प्रबुद्ध चौपाल) का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के स्नातक एमएलसी प्रत्याशी एवं प्रभारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती शामिल हुए।

कार्यक्रम में अधिवक्ता, शिक्षक, चिकित्सक, स्नातक मतदाता, बुद्धिजीवी तथा पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।मुख्य अतिथि अरुण भारती ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अधिकार और विकास पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव शिक्षित समाज की आवाज को विधान परिषद तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पार्टी को विश्वास है कि प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से वह इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।स्नातक एमएलसी प्रत्याशी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' ने कहा कि अधिवक्ताओं, शिक्षकों, स्नातकों और युवाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पक्ष में मतदान करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की अपील की।

सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के रोजगार और समाज के समग्र विकास के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।इस दौरान मीडिया से बातचीत में सांसद अरुण भारती ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर कहा कि सरकार और उनकी पार्टी हमेशा छात्रों के हित में खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कई नेता छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं और अपने राजनीतिक हित साधने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post