बरेका में हिंदी निबंध, वाक् एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन, कर्मचारियों ने दिखाई प्रतिभा

वाराणसी। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार एवं बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में शुक्रवार को बरेका के राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी निबंध, वाक् तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी लेखन और अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में प्रथम पाली के दौरान "जल संरक्षण– आवश्यकता एवं उपाय" तथा "वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य में भारतीय भाषाओं का महत्व" विषयों पर हिंदी निबंध प्रतियोगिता एवं हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

द्वितीय पाली में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में "कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयाम" तथा "स्वास्थ्य एवं दैनिक अनुशासन" विषयों पर हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली वक्तृत्व, स्पष्ट उच्चारण एवं विषय की गहन समझ का परिचय दिया।वाक् प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्राचार्य, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र सुभाष चन्द्र यादव, उप मुख्य विपणन प्रबंधक (विक्रय) अनूप मिश्रा तथा वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय शामिल रहे।

आयोजकों ने बताया कि क्षेत्रीय एवं अखिल रेल स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा हिंदी लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल को सुदृढ़ बनाना है।प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय, वरिष्ठ अनुवादक विजय प्रताप सिंह सहित राजभाषा विभाग के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Post a Comment

Previous Post Next Post