मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण का कांग्रेस ने किया विरोध, जिलाधिकारी को सौंपा आपत्ति पत्र

वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी ने जनपद के पूर्व निर्धारित मतदान स्थलों को स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को आपत्ति पत्र सौंपा है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिना स्पष्ट और न्यायसंगत कारण के वर्षों से संचालित मतदान केंद्रों को बदलना मतदाताओं के हितों के खिलाफ है।

कांग्रेस ने अपने पत्र में कहा है कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुगमता के साथ मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि सुविधाजनक मतदान केंद्रों को स्थानांतरित किया जाता है तो इससे आम मतदाताओं, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और कमजोर वर्ग के लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Advertisement

कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि जनपद के सभी पूर्व निर्धारित मतदान स्थलों को यथावत रखा जाए। यदि किसी मतदान केंद्र का स्थानांतरण अपरिहार्य हो तो उसका स्पष्ट और लिखित औचित्य सार्वजनिक किया जाए तथा संबंधित क्षेत्र के नागरिकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाए।

Advertisement

पत्र में यह भी मांग की गई है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की संवैधानिक भावना के अनुरूप ही निर्णय लिया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार के राजनीतिक या बाहरी दबाव से मुक्त होकर केवल जनहित और मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने विश्वास जताया कि जिला निर्वाचन प्रशासन लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप निष्पक्ष निर्णय लेते हुए मतदाताओं के हितों की रक्षा करेगा।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post