वाराणसी में कामकाजी महिलाओं के लिए बनेगा आधुनिक छात्रावास, योगी कैबिनेट की मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में वाराणसी में कामकाजी महिलाओं के लिए आधुनिक श्रमजीवी महिला छात्रावास के निर्माण को मंजूरी दे दी गई। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में रोजगार या अन्य कार्यों के लिए आने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है।

यह छात्रावास रामनगर क्षेत्र में लगभग 5,000 वर्गमीटर भूमि पर बनाया जाएगा। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस परिसर में 500 महिलाओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले समाज कल्याण विभाग से प्रोबेशन विभाग को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Advertisement

प्रस्तावित छात्रावास में सीसीटीवी निगरानी, कैंटीन, क्रेच, ऑडिटोरियम और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का कहना है कि यह परियोजना कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में अहम पहल साबित होगी।

Advertisement

कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना के लिए टेंडर जारी करने और निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से वाराणसी में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को और मजबूती मिलेगी।

Advertisement


Post a Comment

Previous Post Next Post