दालमंडी चौड़ीकरण: 10 मकानों पर चला बुलडोजर, अवैध भवन खाली कराने में पुलिस ने किया बल प्रयोग

वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कुल 10 मकानों पर कार्रवाई शुरू की। इनमें नगर निगम द्वारा अति जर्जर घोषित सात मकान तथा वीडीए द्वारा अवैध घोषित तीन मकान शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान देवली गली स्थित मकान संख्या डी-50/221 को खाली कराने में पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। मकान में मौजूद महिलाओं और पुरुषों को बाहर निकालने के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद चार महिलाओं और तीन पुरुषों को चौक थाने ले जाया गया तथा भवन का ध्वस्तीकरण किया गया।

Advertisement

जानकारी के अनुसार संबंधित मकान को वीडीए ने अवैध घोषित किया है। वहीं, इस संपत्ति के बंटवारे को लेकर सिविल कोर्ट में मामला लंबित है और वीडीए की कार्रवाई को चुनौती देते हुए भी न्यायालय में याचिका दायर की गई है।पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक दालमंडी परियोजना के तहत 181 मकानों और छह मस्जिदों में से अधिकांश पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शनिवार की कार्रवाई के बाद अब केवल छह भवन ध्वस्तीकरण के लिए शेष रह जाएंगे, जिनमें लंगड़े हाफिज मस्जिद का वह हिस्सा भी शामिल है जो सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है।

Advertisement

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण कार्य के तहत चिन्हित भवनों पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और शनिवार को नगर निगम के सात जर्जर तथा वीडीए के तीन अवैध घोषित मकानों पर कार्रवाई की गई। आज की कार्रवाई के बाद चिन्हित भवनों में केवल छह भवन शेष रह जाएंगे। 

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post