हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर भीषण सड़क हादसा, दो कारों की टक्कर में पांच घायल

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर शुक्रवार देर रात दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद टाटा पंच कार करीब 50 फीट तक पलटती हुई गई और खिलाड़ियों के लिए बने रैम्प में फंसकर रुक गई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कारों से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए हरहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 1:20 बजे हुआ, जब रिंग रोड चौराहे पर मारुति ब्रेजा और टाटा पंच की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में ब्रेजा सवार लोहता के मौढ़ेला निवासी प्रशांत कुमार शाह, मडुवाडीह के भुल्लनपुर निवासी यथार्थ गोस्वामी और सुंदरपुर निवासी मनीष पांडेय घायल हुए। वहीं टाटा पंच में सवार मिर्जापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बुंदेलखंडी निवासी वैभव चौरसिया और जय चौरसिया भी घायल हो गए।

Advertisement

हादसे के बाद दोनों वाहनों के पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए और दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया तथा घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी।बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post