दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती में परिवार के साथ शामिल हुईं। उन्होंने वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हुए मां गंगा से आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उन्होंने गंगा तट पर दीप भी प्रज्वलित किया।करीब 45 मिनट तक दशाश्वमेध घाट पर रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मां गंगा की भव्य आरती को निहारते हुए मंत्रमुग्ध नजर आईं। आरती के दौरान वह कभी हाथ जोड़कर मां गंगा की आराधना करतीं तो कभी श्रद्धाभाव से तालियां बजाकर आरती में सहभागी बनती दिखीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने भाव भी व्यक्त किए। उन्होंने लिखा, "आज मां गंगा की आरती में शामिल होकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मान रही हूं। मां गंगा के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करती हूं। सबके भले की कामना करती हूं तथा अपने राज्य के लिए भी सुख-समृद्धि की प्रार्थना करती हूं। मां गंगा मेरी प्रार्थना स्वीकार करें।"
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह एवं सचिव हनुमान यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान दशाश्वमेध घाट पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती के आध्यात्मिक वातावरण में मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता कर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अनुभव किया।



