देवरिया: सरकारी आवास में महिला से कथित छेड़छाड़, बिजली विभाग के SSO समेत कई पर एफआईआर

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बिजली विभाग के एक सरकारी आवास में महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने बिजली विभाग के एक एसएसओ, महिला की सहेली, उसके पिता और कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता, जो देवरिया शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली है, ने आरोप लगाया कि 3 जुलाई की रात उसकी सहेली उसे पुलिस लाइन के पास स्थित बिजली विभाग के सरकारी आवास पर लेकर गई थी। वहां पहले उसे कोल्ड ड्रिंक दी गई, जिसमें कथित तौर पर शराब मिलाकर पिलाई गई। महिला का कहना है कि नशा होने के बाद वहां मौजूद बिजली विभाग के दो अधिकारियों और कुछ अन्य लोगों ने उसके साथ अशोभनीय हरकतें शुरू कर दीं।महिला के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की। किसी तरह वह उनके चंगुल से निकलकर सड़क पर पहुंची और तुरंत यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक पूछताछ के बाद महिला को सुरक्षित उसके घर भेज दिया।

Advertisement

बाद में पीड़िता ने सदर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। कोतवाली पुलिस ने बिजली विभाग के कई कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया। महिला की सहेली से भी कई घंटे तक पूछताछ की गई।

Advertisement

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर बिजली विभाग के एसएसओ, महिला की सहेली, उसके पिता और कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि यदि आरोप सही पाए गए तो किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post