सारनाथ थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान पर बालू गिराने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। अनंत नगर कॉलोनी निवासी प्रांजल भारत ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और रुपये व चेन छीनने का आरोप लगाया है।तहरीर के अनुसार, 18 जुलाई को सुबह करीब 10:30 बजे प्रांजल के निर्माणाधीन मकान के लिए ट्रैक्टर से बालू आया था। रास्ते में खड़ी ब्रेजा कार हटाने के लिए उन्होंने सर्वेश यादव को फोन कर आग्रह किया। आरोप है कि इस बात पर सर्वेश यादव नाराज हो गए और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचने के बाद सर्वेश यादव, अनमोल यादव और चार-पांच अज्ञात लोगों ने एक राय होकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई किशन भारत और मित्र आशुतोष सिंह के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है।तहरीर में प्रांजल ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके गले में पहनी चेन और शर्ट में रखे 5600 रुपये भी छीन लिए। घटना के बाद उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने सारनाथ पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: ये खबर तहरीर के आधार पर बनी है।



