पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से भेलूपुर थाना क्षेत्र के बाजारडीहा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के वरिष्ठ कार्यकर्ता ताज मोहम्मद (अधिवक्ता) ने कहा कि तेजी से घटते वन क्षेत्र और बढ़ते प्रदूषण के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पूर्वी क्षेत्र (काशी), उत्तर प्रदेश की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया जा रहा है। अभियान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक डॉ. इन्द्रेश कुमार की प्रेरणा से संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में "सांसें हो रही हैं कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" का संदेश देते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



