ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित लोटस विला सोसाइटी में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के विरोध में घरेलू सहायिकाओं ने काम पर जाने से इनकार कर दिया। रविवार को बड़ी संख्या में सहायिकाएं सोसाइटी के मुख्य गेट पर एकत्रित हुईं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
घरेलू सहायिकाओं का कहना है कि हाल के दिनों में कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। शनिवार को एक अन्य सहायिका को कुत्ते ने काट लिया, जबकि पिछले एक सप्ताह के भीतर इस तरह की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद सहायिकाओं और नैनी में भय का माहौल है, जिसके चलते उन्होंने फिलहाल काम बंद रखने का निर्णय लिया है।
![]() |
| Advertisement |
इस स्थिति का असर डिलीवरी सेवाओं पर भी पड़ा है। कई डिलीवरी बॉय सुरक्षा कारणों से सोसाइटी के भीतर जाने से बच रहे हैं और मुख्य प्रवेश द्वार से ही निवासियों को सामान लेने के लिए बुला रहे हैं। वहीं घरेलू सहायिकाओं के काम बंद करने से लोगों को घर के दैनिक कार्य स्वयं करने पड़ रहे हैं।
![]() |
| Advertisement |
सोसाइटी के पूर्व आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के अनुसार, आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम विकसित किया जा रहा है तथा नसबंदी और टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
![]() |
| Advertisement |



