बहराइच में बरामदे में सो रहे बुजुर्ग पर जंगली जानवर का हमला, इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा वन रेंज स्थित अहिरनपुरवा गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना हुई। सुबह करीब चार बजे बरामदे में सो रहे 86 वर्षीय श्रीराम यादव पर एक बड़े जंगली जानवर ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी परिजनों का दावा है कि हमला बाघ ने किया, जबकि वन विभाग का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह तेंदुए का हमला प्रतीत होता है। मामले की जांच जारी है। 

जानकारी के अनुसार, श्रीराम यादव बरामदे में सो रहे थे, तभी जंगली जानवर ने उनकी गर्दन जबड़े में दबोच ली और उन्हें घसीटते हुए ले जाने लगा। पास में सो रहे उनके भांजे इंद्रेश यादव की नींद खुल गई। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मामा के पैर पकड़ लिए और करीब पांच मिनट तक संघर्ष करते रहे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद जंगली जानवर घायल श्रीराम को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

Advertisement

गंभीर रूप से घायल श्रीराम यादव को पहले मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Advertisement

डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हमला तेंदुए का लग रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी गई है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post