लखनऊ में पेट्रोल-डीजल में मिलावट करने वाले गैंग का भंडाफोड़, टैंकर से तेल चोरी कर एथनॉल मिलाकर बेचते थे

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में पुलिस, क्राइम ब्रांच और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पेट्रोल-डीजल में मिलावट करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। 'ऑपरेशन एथनॉल शील्ड' के तहत हुई इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से टैंकर, मारुति वैन, कंटेनर, पाइप और मिलावट में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। तेल कंपनियों से पेट्रोल और डीजल लेकर निकले टैंकरों के चालक रास्ते में सुनसान स्थानों पर रुकते थे। मास्टर की की मदद से टैंकर के लॉक खोलकर अलग-अलग चेंबर से पेट्रोल और डीजल निकाल लिया जाता था। इसके बाद चोरी किए गए ईंधन की कमी छिपाने के लिए टैंकर में निर्धारित मात्रा से अधिक एथनॉल, थिनर और साल्वेंट मिला दिया जाता था, ताकि मात्रा पूरी दिखाई दे और किसी को तुरंत शक न हो।

Advertisement

जांच में पता चला कि चोरी किया गया पेट्रोल करीब 75 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेचा जाता था। इसे खरीदने वाले ग्रामीण दुकानदार आगे 90 से 95 रुपये प्रति लीटर में ग्राहकों को बेच देते थे। इस मिलावटी ईंधन से वाहन चालकों को भारी नुकसान हो रहा था। लोगों की गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे थे और उन्हें महंगे मरम्मत खर्च का सामना करना पड़ रहा था।अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव ने बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पेट्रोल-डीजल भरवाने के बाद वाहनों में खराबी आ रही है। सोशल मीडिया पर भी इससे जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे थे। शिकायतों और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए क्राइम ब्रांच ने 'ऑपरेशन एथनॉल शील्ड' शुरू किया।

Advertisement

रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस, मलिहाबाद थाना, क्राइम ब्रांच और आबकारी विभाग की टीम ने सन्यासीबाग इलाके में छापा मारा। वहां एचपी कंपनी का एक टैंकर खड़ा था और पास में खड़ी मारुति वैन में रखे कंटेनरों में पाइप के जरिए पेट्रोल निकाला जा रहा था। टीम ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कब से इस अवैध कारोबार में शामिल था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मिलावटी पेट्रोल-डीजल की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post