नशीला दूध पिलाकर पति की हत्या, फंदे से लटकाकर आत्महत्या का दिया रूप

पुलिस ने उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, मृतक आनंद उर्फ महबूब अपनी पत्नी के प्रेम संबंधों का विरोध करता था। इसी बात से नाराज होकर पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वारदात वाली रात आरोपी पत्नी ने पति को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। बेहोश होने के बाद दोनों ने अंगोछे से उसका गला घोंट दिया और फिर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।

Advertisement

मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके कथित प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया अंगोछा, दो मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Advertisement


Post a Comment

Previous Post Next Post