अयोध्या रामलीला में पहली बार श्रीराम की भूमिका निभाएंगे सांसद रवि किशन, कलाकारों की सूची जारी

अयोध्या की विश्वप्रसिद्ध रामलीला के आगामी आयोजन में इस बार गोरखपुर से सांसद एवं अभिनेता रवि किशन पहली बार भगवान श्रीराम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। रामलीला समिति ने आयोजन की तैयारियों के साथ कलाकारों की सूची जारी करते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष रामलीला का पहला चरण 10 से 20 अक्टूबर तक नई दिल्ली के मावलंकर हॉल स्थित कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 15 से 25 जनवरी तक अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर होगा। समिति ने बताया कि पिछले वर्षों में प्रतिकूल मौसम के कारण मंचन प्रभावित होने के अनुभव को देखते हुए इस बार आयोजन की तिथियों में बदलाव किया गया है।

Advertisement

रामलीला में अभिनेता विंदू दारा सिंह भगवान शिव की भूमिका निभाएंगे, जबकि वरिष्ठ अभिनेता अरुण बक्शी रावण का किरदार निभाते दिखाई देंगे। अभिनेता राकेश बेदी भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, अवतार गिल नारद मुनि तथा रज़ा मुराद राजा जनक और अहिरावण के पात्रों का मंचन करेंगे।रवि किशन इससे पहले अयोध्या रामलीला में केवट, परशुराम और भरत जैसे महत्वपूर्ण किरदार निभा चुके हैं। इस वर्ष उन्हें पहली बार भगवान श्रीराम की भूमिका के लिए चुना गया है।

Advertisement

अयोध्या रामलीला समिति के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी मलिक) ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य देश और विदेश के श्रद्धालुओं तक भगवान श्रीराम के आदर्शों और रामकथा का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए रामलीला का सीधा प्रसारण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post