उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सरकारी जमीन से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। बारा तहसील के गोल्हैया गांव में राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक खाते की 'पहाड़' के रूप में दर्ज करीब 19.163 हेक्टेयर (83 बीघा 19 बिस्वा) सरकारी भूमि को कथित रूप से फर्जी तरीके से कुछ लोगों के नाम दर्ज कराकर उसकी खरीद-फरोख्त कर दी गई। मामला सामने आने के बाद राजस्व विभाग और पुलिस हरकत में आ गए हैं। लालापुर थाने में 19 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, ग्राम गोल्हैया स्थित आराजी संख्या-01 की यह भूमि राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक खाते की 'पहाड़' भूमि के रूप में दर्ज थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर अपने नाम दर्ज करा लिए और बाद में इस सरकारी जमीन का सौदा कर दिया।
जांच के दौरान राजस्व विभाग ने फर्जी तरीके से दर्ज किए गए नामों को निरस्त कर जमीन को दोबारा सार्वजनिक खाते में दर्ज कर दिया। इसके बाद हल्का लेखपाल प्राची सिंह परिहार ने लालापुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।एफआईआर में एके ड्रीम सिटी प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशक सहित राजनाथ, बृजेश नाथ, उमेश नाथ, रेखा तिवारी, कमलेश तिवारी, रत्नेश तिवारी, प्रभात कुमार, रामदेव, सुखदेव, जयदेव, जगदेव, सचिन, पीयूष, अनीता, नीरज कुशवाहा, आनंद कुमार मिश्रा और पूनम आनंद मिश्रा समेत कुल 19 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि राजस्व अभिलेख, भूमि हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| Advertisement |
इसी बीच प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत मंगलवार को इलाहाबाद पश्चिमी क्षेत्र के छह अलग-अलग स्थानों पर करीब 53 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकतर स्थानों पर पिलर, बाउंड्रीवाल और अन्य अवैध निर्माण गिराए गए।पीडीए के अनुसार, असरावल कला में अनुज सिंह, शिवांश श्रीवास्तव और रूपेश द्विवेदी द्वारा करीब 20 बीघा क्षेत्र में विकसित की गई अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की गई। रावतपुर में सात बीघा और शाहपुर पीपलगांव में दो बीघा क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को भी ध्वस्त किया गया।
![]() |
| Advertisement |
इसके अलावा असरावल कला में मधुकर मिश्र की आठ बीघा, कटहुला में पप्पू पाल, मनोज पाल और विजय पाल की चार बीघा तथा पीपलगांव के शाह उर्फ क्षेत्र में मेट्रो इन्फ्रावेंचर प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य लोगों द्वारा विकसित 13 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया।हालांकि किसान नेता अनुज सिंह का कहना है कि उनकी किसी भी जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि शहर में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| Advertisement |



