महानगर उद्योग व्यापार समिति का चुनाव मारवाड़ी युवक संघ, लक्सा में शांतिपूर्ण और निर्विरोध संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी घनश्याम जायसवाल, उदय राज सिंह एवं संरक्षक आर.के. चौधरी की देखरेख में संपन्न हुई।सर्वसम्मति से हुए चुनाव में अशोक जायसवाल को अध्यक्ष और रजनीश कनौजिया को महामंत्री चुना गया। इसके अलावा उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर भी निर्विरोध पदाधिकारियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं और अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक जायसवाल और महामंत्री रजनीश कनौजिया ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को और मजबूत बनाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने संगठन की एकजुटता और व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प भी लिया।



