यूपी में रफ्तार पकड़ेगा मानसून: लखनऊ समेत कई जिलों में जोरदार बारिश के आसार, तेज हवा से बिजली व्यवस्था चरमराई

उत्तर प्रदेश में मानसून अब तेजी पकड़ने लगा है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में बदल गया है, जिसका असर प्रदेश में दिखने लगा है। इसके चलते अगले 24 घंटों में लखनऊ समेत कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।रविवार शाम लखनऊ में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग ने 9.9 मिमी वर्षा दर्ज की। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, हालांकि तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।

चिनहट, गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार, कमता, अलीगंज, इंदिरानगर, लौलाई और बीकेटी सहित कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने, बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने तथा ट्रांसफार्मर में खराबी आने से घंटों बिजली गुल रही। कई जगह पानी की सप्लाई भी बाधित हुई।

Advertisement

अलीगंज में एक बड़ा पेड़ बिजली के खंभों पर गिर गया, जिसे हटाने में नगर निगम और बिजली विभाग की टीम को करीब तीन घंटे लगे। बीकेटी के बीकामऊ कलां में ट्रांसफार्मर में आग लगने से लंबे समय तक बिजली बाधित रही। राजाजीपुरम में बिजली का तार टूट गया, जबकि मोहनलालगंज में 11 केवी लाइन के जम्पर में आग लग गई। दुबग्गा क्षेत्र में करंट लगने से एक किसान की भैंस की मौत हो गई।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार, गहरा अवदाब उत्तर ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी। आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post