उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्मार्ट पोस्टपेड बिजली मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहा है, लेकिन शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा।बिजली विभाग के अनुसार, जुलाई के पहले सप्ताह में ही बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने सामान्य से तीन से 15 गुना अधिक बिल आने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतें हेल्पलाइन 1912 और विभागीय कार्यालयों तक पहुंच रही हैं, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि अधिकारियों की ओर से केवल बिल जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
सबसे चौंकाने वाला मामला सेवा चौधरी गली की रहने वाली सुमन देवी का है। उनका हर महीने करीब 9 से 10 हजार रुपये का बिल आता था और जून का 9,034 रुपये का बिल उन्होंने जमा भी कर दिया था। इसके बाद जुलाई में उनके मोबाइल पर 51,334 रुपये का बिल आने का संदेश मिला, जिससे वे हैरान रह गईं। अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली।
![]() |
| Advertisement |
एक अन्य उपभोक्ता को पहले 35 रुपये का बिल संदेश मिला, लेकिन उपकेंद्र पहुंचने पर पता चला कि वास्तविक बिल 1,100 रुपये है। वहीं, रामनगर निवासी शमीम का बिल जून में 5,200 रुपये था, जो जुलाई में बढ़कर 10,130 रुपये हो गया, जबकि उनके घर पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल भी लगा है।
![]() |
| Advertisement |
भूतभैरव निवासी सुनील का बिल भी जून के 13,231 रुपये से बढ़कर जुलाई में 17,261 रुपये पहुंच गया। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।कई अन्य उपभोक्ताओं का भी आरोप है कि स्मार्ट पोस्टपेड मीटर सामान्य से अधिक रीडिंग दिखा रहे हैं और बिजली बिल तेजी से बढ़ रहा है। लोगों ने बिजली विभाग से बिलों की जांच और समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।
![]() |
| Advertisement |



