उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रोडरेज की एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। रामगढ़ताल क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती 9 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे अपने बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे हॉस्पिटल लेकर जा रही थी। रास्ते में शाहपुर थाना क्षेत्र के रेलवे हॉस्पिटल के पास उसकी कार की एक बाइक से मामूली टक्कर हो गई। पीड़िता के मुताबिक, बाइक सवार ने अपनी गलती मानने के बजाय उस पर माफी मांगने का दबाव बनाया। जब युवती ने माफी मांगने से इनकार किया तो उसने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में काली स्कॉर्पियो से कई युवक मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि युवकों ने युवती को कार से बाहर खींच लिया, बाल पकड़कर सड़क पर गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की, गलत तरीके से छुआ, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ कर शीशे तोड़ दिए। इस दौरान कार में बैठे उसके बीमार पिता पूरी घटना देखते रहे, जबकि युवती राहगीरों से मदद की गुहार लगाती रही। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
![]() |
| Advertisement |
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पहले हल्की धाराओं में दर्ज किए गए मुकदमे में बाद में हत्या के प्रयास, लज्जाभंग, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दी गईं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह सभी आरोपियों की पहचान कर सकती है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए, जिससे उसका परिवार डरा हुआ है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की।
![]() |
| Advertisement |
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
![]() |
| Advertisement |



