दालमंडी ध्वस्तीकरण के दौरान घायल दुकानदार ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए बैग कारोबारी परवेज खान (45) की मंगलवार देर रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही और रात करीब 9:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

परवेज खान देवली गली मोड़ के निवासी थे और उनकी वहां करीब 40 वर्ष पुरानी बैग की दुकान है। मंगलवार दोपहर लगभग 12:30 बजे वह मरियम अस्पताल वाली गली से होकर अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। उसी समय दालमंडी प्रोजेक्ट के तहत एक मकान का ध्वस्तीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान मलबे से निकली एक पत्थर की पटिया उनके सिर पर आ गिरी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

Advertisement

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने ई-रिक्शा की सहायता से उन्हें कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां सिटी स्कैन के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

Advertisement

दुकानदार की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चिंता जताई।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post