श्रावण मास की तैयारियां पूरी करने में जुटा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन, काशीवासियों को बड़ी सौगात; 4B 'काशी द्वार' पूरे दिन रहेगा खुला

आगामी श्रावण मास-2026 को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम के बोर्ड रूम में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावण मास के दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण समेत प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

काशीवासियों को बड़ी राहत

बैठक में काशीवासियों के लिए विशेष सुविधा का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। अब गेट संख्या 4B (काशी द्वार) से स्थानीय नागरिक सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक प्रवेश कर बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे। पहले यह सुविधा केवल सुबह 4 से 5 बजे और शाम 4 से 5 बजे तक सीमित थी। हालांकि यह व्यवस्था श्रावण सोमवार और प्रमुख पर्वों पर लागू नहीं होगी।

श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम

श्रावण मास के दौरान धाम में पेयजल, चिकित्सकीय सुविधाएं, इंडस्ट्रियल एयर कूलर, ओआरएस, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, सुरक्षा, सीसीटीवी, पीए सिस्टम और ई-रिक्शा की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। वृद्ध, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गोल्फ कार्ट सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

Advertisement

चार सोमवार पर होंगे विशेष श्रृंगार

श्रावण मास के चारों सोमवार को बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा—

3 अगस्त: शंकर स्वरूप श्रृंगार

10 अगस्त: गौरी-शंकर श्रृंगार

17 अगस्त: अर्धनारीश्वर श्रृंगार

24 अगस्त: रुद्राक्ष श्रृंगार

27 अगस्त (पूर्णिमा): झूला श्रृंगार

28 अगस्त (रक्षाबंधन): सामान्य दर्शन

Advertisement

वीआईपी दर्शन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे श्रावण मास में किसी भी प्रकार के विशेष या प्रोटोकॉल दर्शन की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही दर्शन करने होंगे। प्रशासन ने लोगों से दलालों और विशेष दर्शन के नाम पर धन मांगने वालों से सावधान रहने की अपील की है।

प्रतिबंधित रहेंगी ये वस्तुएं

श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, बड़े बैग, धातु की वस्तुएं, तंबाकू, नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामान लेकर धाम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए इस बार निःशुल्क बैगेज काउंटर भी संचालित नहीं किए जाएंगे।

Advertisement

ऑनलाइन दर्शन और खोया-पाया केंद्र

धाम में छह स्थानों पर खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। वहीं जो श्रद्धालु धाम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और टाटा स्काई प्लेटफॉर्म पर बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खाली पेट कतार में न लगें, प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन में सहयोग करें।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post