दहेज में बुलेट न मिलने पर दूल्हे का हंगामा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बैरंग लौटी बारात

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र में एक शादी उस समय विवाद में बदल गई, जब दूल्हे पर दहेज में बुलेट बाइक की मांग करने और नशे की हालत में हंगामा करने का आरोप लगा। दुल्हन पक्ष का कहना है कि मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने विवाह स्थल पर ही शर्ट और पैंट उतार दिए और बनियान व अंडरवियर में अभद्र व्यवहार करने लगा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी के अनुसार, डूंगर गांव निवासी मांगेराम का बेटा शिवम सोमवार सुबह बारात लेकर टांडा माजरा गांव पहुंचा था। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हा शराब के नशे में था और दहेज में बुलेट बाइक की मांग करने लगा। जब लड़की पक्ष ने असमर्थता जताई तो उसने शादी समारोह में हंगामा शुरू कर दिया। दूल्हे की हरकतों से शादी में अफरा-तफरी मच गई। 

दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने करीब सात लाख रुपये खर्च कर शादी की तैयारियां की थीं, लेकिन इसके बावजूद दूल्हा पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग पर अड़ा रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर दूल्हे के पिता ने तमंचा दिखाकर धमकी दी और फायरिंग की। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। 

Advertisement

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दूल्हे को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिवार के व्यवहार से नाराज होकर शादी से साफ इनकार कर दिया। बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। 

Advertisement

मामले में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दुल्हन पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post