नशीली चाय पिलाकर महिला को लूटने वाले जहरखुरानी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, एक लाख का माल बरामद

रेलवे यात्रियों को निशाना बनाने वाले जहरखुरानी गिरोह का खुलासा करते हुए जीआरपी कैंट ने एक महिला सहित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 13 जून को वाराणसी रेलवे स्टेशन पर एक अकेली महिला यात्री से दोस्ती कर उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। महिला के बेहोश होने पर उसके पास मौजूद नकदी और कीमती सामान लेकर दोनों फरार हो गए थे।घटना के खुलासे के लिए जीआरपी, आरपीएफ और सीआईडी की संयुक्त टीम ने सर्विलांस व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। इसके बाद दोनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य का लूटा गया सामान बरामद हुआ है।

जीआरपी प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे स्टेशन पर अकेले यात्रियों, खासकर महिलाओं और कमजोर दिखने वाले लोगों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है।

जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी अजनबी द्वारा दिए गए खाने-पीने के सामान का सेवन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दें।




Post a Comment

Previous Post Next Post