वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लंका थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गौ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने डाफी टोल प्लाजा के पास रमना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया। आरोपियों के कब्जे से 11 गाय, पांच अन्य गोवंश तथा एक आइसर डीसीएम ट्रक (सीजी-04-पीई-1852) बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। इनके विरुद्ध थाना लंका में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5(ए)/5(बी)/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| Advertisement |
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गोवंशों को वाहनों में लादकर बिहार ले जाते थे, जहां उन्हें गोकशी के उद्देश्य से बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुके हैं और उन्हें रास्ते की जानकारी एक अन्य व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई जाती थी, जिसकी तलाश की जा रही है।
![]() |
| Advertisement |
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार तड़के करीब चार बजे डाफी टोल प्लाजा के पास की। बरामद गोवंशों को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
![]() |
| Advertisement |



