वाराणसी: शातिर चोर गिरफ्तार, ₹3.50 लाख नकद, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद

रामनगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹3,50,160 नकद, चोरी की टीवीएस एक्सएल-100 मोपेड (फर्जी नंबर प्लेट सहित), एक कीपैड मोबाइल फोन, दो नंबर प्लेट और चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम (40) निवासी सुजाबाद, रामनगर (मूल निवासी वीडीए कॉलोनी, चांदमारी, शिवपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर विश्वमित्रनगर कॉलोनी के पीछे घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने करीब एक माह पहले रामनगर की जनकपुर कॉलोनी के एक बंद मकान में चोरी की वारदात कबूल की। आरोपी ने बताया कि उसने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और ₹30 हजार नकद चुराए थे। बाद में चोरी के जेवर दुर्गावती बिहार में एक अज्ञात व्यक्ति को साढ़े चार लाख रुपये में बेच दिए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर बेचकर मिले पैसों में से बची ₹3.50 लाख की नकदी बरामद कर ली।पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद मोपेड उसने पहले पांडेयपुर क्षेत्र से चोरी की थी और उसी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर विभिन्न इलाकों में रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। जनकपुर कॉलोनी की चोरी में भी इसी वाहन का इस्तेमाल किया गया था।पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वाराणसी के कैंट, जैतपुरा, लंका, मंडुवाडीह और सारनाथ समेत विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 15 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी के जेवर खरीदने वाले व्यक्ति और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।





Post a Comment

Previous Post Next Post