झांसी में विवाहिता की संदिग्ध मौत: दहेज, छोटे कद और संतान न होने पर प्रताड़ना का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में शादी के करीब डेढ़ साल बाद 24 वर्षीय रूबी उर्फ ऋतु साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग, छोटे कद और संतान न होने को लेकर प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार, तालपुरा निवासी रूबी उर्फ ऋतु साहू की शादी फरवरी 2024 में मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी मुकेश साहू से हुई थी। विवाह के बाद दोनों मध्यप्रदेश में रह रहे थे। मृतका के ताऊ परमानंद साहू का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करता था और छोटे कद व संतान न होने को लेकर ऋतु को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उन्होंने बताया कि ऋतु कई बार फोन पर अपनी पीड़ा मायके वालों से साझा कर चुकी थी।

Advertisement

परिजनों का यह भी आरोप है कि जब ऋतु की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें समय पर सूचना नहीं दी गई। पहले उसका विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराया गया और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें जानकारी मिल जाती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पति, सास और अन्य ससुरालियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच, गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

वहीं मृतका के पति मुकेश साहू ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि पत्नी की तबीयत अचानक खराब होने पर उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं की गई।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सीय अभिलेख और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post