वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। डाकघर के पास खाली प्लॉट की करीब 12 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 62 वर्षीय रविंद्र नाथ मिश्रा और उनकी 55 वर्षीय पत्नी प्रतिमा मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले के डुमरिया के रहने वाले बताए गए हैं। दंपती चांदपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में रहकर काम करते थे और दीवार के पास तिरपाल लगाकर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण दीवार की नींव में पानी भर गया था, जिससे उसकी मजबूती कमजोर हो गई। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे, जब दंपती सो रहे थे, उसी दौरान दीवार उनके ऊपर गिर गई और दोनों मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर विभाग और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे की वजह लगातार बारिश से दीवार का कमजोर होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
.jpeg)


