वाराणसी में जलभराव की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को कुछ मिनट की हल्की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख इलाकों की सड़कें पानी में डूब गईं। दोपहर करीब 2 बजे सिगरा और कैंट क्षेत्र में बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया। वहीं, शाम करीब 6 बजे हुई बारिश के बाद अंधरापुल, तेलियाबाग और नदेसर में भी जलभराव की स्थिति बन गई
जलभराव के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा। कैंट से लेकर लहरतारा तक कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूबी नजर आईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, नगर निगम की ओर से दावा किया गया था कि उसकी सीमा में गिरजाघर क्षेत्र को छोड़कर कहीं भी जलभराव की समस्या नहीं है। निगम के मुताबिक, गिरजाघर में निर्माण कार्य चलने के कारण वहां पानी भरता है।
हालांकि, शहर के अन्य इलाकों में भी बारिश के बाद जलभराव की तस्वीर सामने आई। ट्रॉमा सेंटर और कैंटोनमेंट क्षेत्र में भी पहले जलभराव की शिकायतें सामने आती रही हैं। ये क्षेत्र नगर निगम की सीमा में नहीं आते हैं। इसके बावजूद कैंट से लहरतारा तक कई जगह सड़कों पर पानी भरने से नगर निगम और संबंधित विभागों की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


Tags
Trending


