सावन के पवित्र महीने में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए देशभर से श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को भोजपुरी फिल्म अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी वाराणसी पहुंचे। उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि के साथ सभी के मंगल की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा कि काशी से उनका गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव है और काशी का कण-कण उनके भीतर प्रवाहित होता है। उन्होंने कहा कि वह भले ही दिल्ली से सांसद हैं, लेकिन उनके लिए शक्ति का केंद्र काशी है। उन्होंने मां विंध्यवासिनी, बाबा विश्वनाथ और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन का भी उल्लेख किया और कहा कि आज बाबा विश्वनाथ का दर्शन अद्भुत रहा।
मनोज तिवारी ने कहा कि सावन में बाबा विश्वनाथ को एक लोटा जल अर्पित करने की धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा विश्वनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।
वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भी अपनी बात रखी। मनोज तिवारी ने कहा कि जो व्यक्ति पूरे ‘वंदे मातरम्’ का गायन नहीं कर सकता, उसके भारत के प्रति भाव को लेकर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पूरे ‘वंदे मातरम्’ का विरोध करते हैं, उनके विचारों को लेकर देश में चर्चा होनी चाहिए।



