रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में रौनक, सजीं आकर्षक राखियां, खरीदारी को उमड़ी भीड़

भाई बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही काशी के बाजारों में उत्सव का रंग चढ़ गया है। शहर के प्रमुख बाजारों और गलियों में जगह-जगह राखी की दुकानें सज गई हैं। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए खूबसूरत और आकर्षक राखियों की खरीदारी में जुटी हैं। बाजारों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है।पूर्वांचल की प्रमुख राखी मंडियों में शामिल हड़हा सराय में इन दिनों विशेष रौनक देखने को मिल रही है। यहां बड़ी संख्या में राखी की दुकानें सजी हैं और आसपास के क्षेत्रों से भी लोग राखियों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक, इस वर्ष रक्षाबंधन से पहले ही राखियों की बिक्री तेज हो गई है और कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहने की उम्मीद है।

बाजार में इस बार पारंपरिक राखियों के साथ-साथ कई तरह की डिजाइनर और थीम आधारित राखियां भी उपलब्ध हैं। काल भैरव बाबा के मुखौटे वाली राखियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली राखियों और देवी-देवताओं के चित्र वाली राखियों की भी काफी मांग है। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए कार्टून कैरेक्टर, स्टाइलिश, म्यूजिकल और रंग-बिरंगी राखियां भी बहनों को आकर्षित कर रही हैं।

हड़हा सराय के एक दुकानदार ने बताया कि इस बार राखियों की बिक्री समय से पहले ही शुरू हो गई थी। खूबसूरत और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां तेजी से बिक रही हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन के दिन तक बिक्री में और तेजी आएगी।वहीं, बहनों में भी भाई की कलाई के लिए सबसे सुंदर राखी चुनने को लेकर खास उत्साह है। कोई धार्मिक आस्था से जुड़ी राखी पसंद कर रही है तो कोई भाई की पसंद और व्यक्तित्व के अनुसार डिजाइनर राखी खरीद रही है। बाजारों की बढ़ती रौनक और ग्राहकों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।

रक्षाबंधन को लेकर काशी के बाजारों में खरीदारी का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। राखियों के साथ मिठाई, उपहार और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। पर्व के करीब आते ही बाजारों में कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है।



Post a Comment

Previous Post Next Post