काशी विश्वनाथ दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंत्रलेश्वर यादव ने पत्रकार वार्ता कर यदुवंशी समाज की ओर से होने वाले पारंपरिक जलाभिषेक कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी हुकूमत के समय से ही यदुवंशी समाज काशी के बाबा विश्वनाथ समेत प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक करता आ रहा है। काशी विश्वनाथ दल के संस्थापक और बाबा विश्वनाथ के परम भक्त स्वर्गीय तेजू सरदार के नेतृत्व में वर्ष 1952 से यदुवंशी समाज काशीवासियों के साथ शीतला घाट से गंगाजल भरकर बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में जलाभिषेक करता चला आ रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी परंपरा के तहत 3 अगस्त, सोमवार को सुबह 9 बजे यदुवंशी समाज के लोग एकत्रित होंगे। सबसे पहले मां गंगा का पूजन-अर्चन कर जल भरेंगे और मां शीतला का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद शीतला घाट से गंगाजल लेकर गंगा तट से डेढ़सी पुल होते हुए कुंडीराज गणेश का पूजन करेंगे। इसके बाद मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में जलाभिषेक किया जाएगा।
जलाभिषेक के बाद ज्ञानवापी से निकलकर बांसफाटक स्थित स्वर्गीय तेजू सरदार के शारदा कॉम्प्लेक्स पर फलाहार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष जंत्रलेश्वर यादव, संरक्षक ई. अशोक यादव, अर्जुन यादव, मदन यादव, विकास यादव, अनिल यादव, रमेश यादव, सुनील यादव, मोनू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



