कैण्ट थाना क्षेत्र के नदेसर में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी शुभम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को नदेसर स्थित एक रेस्टोरेंट के ऊपर रहने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ शुभम द्वारा दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में कैण्ट थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी वरुणा पुल के पास मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शुभम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



