एक बार फिर धंसी भारत सेवाश्रम के सामने की सड़क, नगर निगम और प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल

शहर में सड़क धंसने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला भारत सेवाश्रम के सामने स्थित फल मंडी मार्ग का है, जहां एक बार फिर सड़क धंस जाने से राहगीरों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। सड़क धंसने के कारण वहां जलभराव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।स्थानीय निवासी अमन ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व भी इसी स्थान पर सड़क धंस गई थी। उस समय राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए प्रशासन ने जल्दबाजी में मरम्मत कराकर सड़क को दुरुस्त किया था, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। परिणामस्वरूप सड़क दोबारा धंस गई और स्थिति पहले जैसी हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, आम नागरिक और अधिकारी गुजरते हैं। इतना ही नहीं, पास में नगर निगम का कार्यालय होने के बावजूद समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नागरिकों ने सवाल उठाया कि यदि धंसी सड़क के कारण कोई दुर्घटना होती है या किसी बच्चे अथवा राहगीर को चोट पहुंचती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और प्रशासन के दावों पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कागजों पर सड़क मरम्मत और बेहतर व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं। अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान की आवश्यकता है, ताकि लोगों को बार-बार ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि धंसी हुई सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और पूरे क्षेत्र की तकनीकी जांच कराकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Advertisement 

Advertisement 

Advertisement 






Post a Comment

Previous Post Next Post