साकेत नगर में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, युवक घायल; पुलिस जांच में जुटी

 साकेत नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में ऋषभ सिंह राजपूत घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पिछले कई महीनों से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि दोनों गुटों के बीच आए दिन मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों की ओर से सोशल मीडिया पर कथित हवाई फायरिंग के वीडियो भी वायरल हुए थे, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था।

आरोप है कि साकेत नगर निवासी अनिकेत राय अपने साथ कई युवकों को लेकर ऋषभ सिंह राजपूत पर हमला करने पहुंचा था। इस दौरान हुई मारपीट में ऋषभ के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।बताया जा रहा है कि घायल ऋषभ सिंह राजपूत का पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। वहीं, दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी चर्चा है। पुलिस दोनों पक्षों के आपराधिक रिकॉर्ड और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आधिकारिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की स्थिति और आरोपों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।




Post a Comment

Previous Post Next Post