वाराणसी। शिवपुर व्यापार मंडल की ओर से रविवार को मारवाड़ी धर्मशाला में भव्य परिचय एवं स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया और संगठन की मजबूती, आपसी एकता तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में महानगर व्यापार समिति के संरक्षक आर. चौधरी, अध्यक्ष अशोक जायसवाल और महामंत्री रजनीश कनौजिया का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत और सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए सभी व्यापारिक संगठनों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। संगठन की मजबूती ही व्यापारियों की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में काशी व्यापार मंडल कैंट के अध्यक्ष धर्मेंद्र पाण्डेय, महामंत्री अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और भाईचारा मजबूत करने पर जोर दिया गया। समारोह का माहौल आत्मीयता और उत्साह से भरपूर रहा। अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



