गंगा बढ़ीं तो बदल जाती है काशी की रफ्तार: नाविकों की रोजी पर संकट, रात में रहना पड़ता है अलर्ट

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही घाटों की रफ्तार बदलने लगी है। जलस्तर बढ़ने से जहां नाविकों और घाट किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है, वहीं कई घाटों का आपसी संपर्क भी टूट गया है। घाटों के आसपास बने छोटे मंदिर भी पानी की चपेट में आने लगे हैं। अंतिम संस्कार से जुड़े घाटों पर भी जगह की कमी सामने आने लगी है।

अस्सी घाट के नाविक आकाश निषाद बताते हैं कि गंगा का जलस्तर बढ़ने पर दिन की अपेक्षा रात में अधिक सतर्क रहना पड़ता है। अचानक पानी बढ़ने से नावों के बहने का खतरा बना रहता है। आकाश के पास अस्सी घाट पर पांच नाव और एक देसी क्रूज है। उनके मुताबिक जलस्तर बढ़ने का सीधा असर नाविकों की रोजी-रोटी पर पड़ता है।

दुकानदारों की भी बढ़ी चिंता

Advertisement
नाविक मुन्ना के मुताबिक सावन के दौरान गंगा का जलस्तर उस स्तर तक नहीं पहुंचा था, जिससे दुकानों को तत्काल हटाना पड़े। हालांकि अब पानी दोबारा बढ़ने से घाट किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है।दुकानदारों का कहना है कि पानी बढ़ने पर दुकानें बंद करनी पड़ती हैं, जिसका सीधा असर परिवार की आमदनी पर पड़ता है। कई बार हजारों रुपये का नुकसान होता है और तीन महीने तक दुकानें नहीं खुल पातीं। इस दौरान कारोबार बंद रहता है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई, भोजन, किराया और अन्य घरेलू खर्च जारी रहते हैं। ऐसे में कई परिवार बचत या उधार के सहारे यह समय गुजारते हैं।

84 घाटों का संपर्क टूटा, 100 से अधिक छोटे मंदिर पानी में

गंगा का जलस्तर बढ़ने से काशी के घाटों की तस्वीर भी बदलने लगी है। पानी ऊपर चढ़ने के कारण 84 घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। घाटों के आसपास बने 100 से अधिक छोटे मंदिर भी पानी की चपेट में आ गए हैं।

Advertisment
घाटों की सीढ़ियां, प्लेटफॉर्म और किनारे के हिस्से पानी में डूबने लगे हैं। जिन स्थानों पर सामान्य दिनों में श्रद्धालु बैठते, पूजा करते और अंतिम संस्कार की तैयारियां करते थे, वहां अब गंगा का पानी दिखाई दे रहा है।

अंतिम संस्कार में भी आ रही परेशानी

घाट पर मौजूद राज बाबू चौधरी बताते हैं कि सीढ़ियों पर शवदाह होने के कारण अंतिम संस्कार के लिए पर्याप्त जगह नहीं बच रही है। एक साथ कई शव आने पर उनके बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। इससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने में परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement
उनके मुताबिक फिलहाल गंगा का जलस्तर कुछ हद तक स्थिर नजर आ रहा है, लेकिन अगर पानी तेजी से बढ़ा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसी स्थिति में अंतिम संस्कार के लिए घाट से लगी गलियों की ओर जाने की नौबत आ सकती है।हरिश्चंद्र घाट पर डोम राजा परिवार के सदस्य ओंकार चौधरी ने बताया कि वाराणसी में अभी भले ही तेज बारिश नहीं हुई है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश का असर गंगा के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो अंतिम संस्कार के लिए घाट से लगी गलियों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। यह घाट की मौजूदा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती होगी। 
Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post