चौबेपुर थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 21-22 अगस्त को रामजनम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआत में घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रामजनम की मौत मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण हुई थी।
जांच में पता चला कि आरोपियों को शक था कि रामजनम ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचा था। इसी संदेह में उन्होंने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक और आरोपियों के बीच पहले से कोई जान-पहचान या पुरानी रंजिश नहीं थी।
मामले में दर्ज मुकदमा संख्या 351/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।



