काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मंत्रोच्चारण, डमरू वादन और भक्ति गीतों के बीच मनाया गया। रात 12 बजे जैसे ही जन्म का शुभ मुहूर्त आया, मंदिर में मंत्रों का उच्चारण और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया, भक्तों ने जयकारे लगाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
जन्माष्टमी उत्सव के अगले दिन सुबह एक अलौकिक दृश्य देखने को मिला। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के दौरान भगवान लड्डू गोपाल को बाबा विश्वनाथ के साथ विराजमान किया गया। भक्तों ने एक साथ बाबा विश्वनाथ और श्रीकृष्ण के दर्शन किए। महाआरती के समय मंदिर का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया और भक्तों ने शिव और कृष्ण की एक साथ आराधना की।
एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि जन्माष्टमी अत्यंत हर्षोल्लास से मनाई गई और मंगला आरती में लड्डू गोपाल का श्री विश्वेश्वर के साथ विराजना भक्तों के लिए श्रद्धा, प्रेम और आध्यात्मिक आनंद का अद्वितीय अवसर रहा। इस दौरान भक्तों में भारी उत्साह देखा गया और सभी को प्रसाद भी वितरित किया गया।


