मछोदरी स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को पीले व आसमानी रंग के गुब्बारों, फूलों, ऋतुफलों तथा अशोक-कामिनी की पत्तियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। देर रात तक मंदिर परिसर सोहर और बधाई गीतों से गूंजता रहा।
महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास के दिशा-निर्देशन में रात 12 बजे श्रीलड्डू गोपाल के जन्म का विधान संपन्न कराया गया। इसके बाद भगवान का पंचामृत स्नान कराकर नूतन वस्त्र एवं आभूषणों से श्रृंगार किया गया। माखन-मिश्री और पंजीरी का भोग लगाकर आरती उतारी गई।
जन्मोत्सव के बाद श्रीलड्डू गोपाल को रजत हिंडोले पर विराजमान कराया गया, जहां श्रद्धालुओं ने उन्हें झूला झुलाते हुए सोहर और बधाई गीत गाए। मंदिर में देवकीनंदन की जय-जयकार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप माखन-मिश्री वितरित किया गया।
आयोजन में पुजारी घनश्याम मेहता, भावेश भगत, दिनेश भाई पाटीदार सहित भावना भगत, जागृति पाटीदार, बासु भगत, योगिता भगत समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।


